द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पुराना हैबतपुर में जेठानी व पति के ताने से तंग आकर महिला ने अपने दो बच्चों के साथ शुक्रवार को आत्महत्या कर ली थी। आज पुलिस ने शनिवार को आरोपी जेठानी सावित्री व पति राजकुमार को धर दबोचा है। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।

आरती ने दी थी जान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक निजी अस्पताल से शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला व दो छोटे-छोटे बच्चे मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचे है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। जहां पर चिकित्सकों के द्वारा तीनों की फांसी लगाने से मृत्यु होना बताया गया। घटना की गहनता से जांच की गई तो प्रथम दृष्टया ज्ञात हुआ कि आरती ने घरेलू क्लेश के कारण घर के ऊपरी छत पर जाकर अपनी बालिका व बालक के साथ छत की रेलिंग पर दुपट्टे से लटक कर सुबह के समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

यह रहा कारण
वर्ष 2012 में राजकुमार की शादी आरती के साथ हुई थी। आरती की यह दूसरी शादी थी जिस कारण राजकुमार व उसकी भाभी सावित्री पत्नी राजाराम आरती को पसन्द नहीं करते थे। आरोपी राजकुमार अपनी पत्नी आरती को छोटी-छोटी बातों पर मारता पीटता था। आरती अपने ही मकान में रहने वाले किरायेदारों का खाना बनाकर अपना खर्चा चलाती थी। कभी -कभी मायके वाले उसे खर्चा देते थे। तीन दिन पहले आरती ने अपने पति राजकुमार व अपनी जेठानी सावित्री को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था तथा अपने पति राजकुमार व जेठानी को ऐसा न करने के लिए कहा परन्तु इन लोगों ने आरती के साथ मारपीट की तथा प्रताडित किया। कहा कि हम तो ऐसे ही करेगे आपको रहना हो तो रहो अन्यथा अपने बच्चों के साथ मर जाओ। आरती ने प्रताडना से तंग आकर अपनी छोटी लडकी सोहानी उम्र 6 वर्ष व बेटा रोहन उम्र 4 वर्ष के साथ फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।