-वन विभाग के द्वारा सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित हुआ कार्यक्रम
-पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह एवं डीएम मनीष कुमार वर्मा ने किया शुभारंभ
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर वन्य जीव संरक्षण एवं इको पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूरजपुर वेटलैंड ग्रेटर नोएडा में वन विभाग द्वारा बर्ड फेस्टिवल-2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ ही विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने पर्यावरण व देशी-विदेशी पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मुख्य पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी थे। इस अवसर पर स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। पर्यावरण जागरुकता के क्षेत्र में किए जाने वाले कार्यों के लिए कार्यक्रम के दौरान मंजीत सिंह, हरेंद्र भाटी व ओम रायजादा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
टूरिज्म पर डाला प्रकाश
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने वेटलैंड एवं इको टूरिज्म पर विस्तार से प्रकाश डाला। डीएम ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों तथा अन्य स्थानीय लोगों को वेटलैंड के बारे में जानकारी दी और बताया कि इसका किस प्रकार से संरक्षण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम सबको अपने आसपास का पर्यावरण को सुरक्षित रखना चाहिए। यह हम सबका दायित्व है हमें अधिक से अधिक पौधा रोपण करते हुए अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है साथ ही साथ हमें अन्य लोगों को भी अपने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वृक्षारोपण करने हेतु प्रेरित करना चाहिए। बर्ड वाचिंग के दौरान छात्र-छात्राओं को वेटलैंड में आए प्रवासी एवं अप्रवासी पक्षियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रभागीय वन अधिकारी प्रमोद कुमार, सी विंग फाउंडर मदन मोहन भारद्वाज सहित अन्य लोग मौजूद थे।

