-सदर विधायक ने किया कार्यक्रम का उदघाटन
-मदहोश कर देने वाले गीत-संगीत ने समा बांधा

द न्‍यूज गली, उन्नाव: ऐतिहासिक उन्नाव शहर एक ऐतिहासिक संगीत आयोजन का साक्षी बना। देश के सबसे प्रतिष्ठित ईडीएम फेस्टिवल ब्रांड सनबर्न रीलोड ने युवाओं में गीत-संगीत से गजब जोश भर दिया। देवाराकला स्थित गंगोत्री ग्रीन फार्म्स में आयोजित सनबर्न का उदघाटन सदर विधायक पंकज गुप्त ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे रसवंती आयोजन जो अभी तक सिर्फ महानगरों या स्क्रीन तक ही सीमित थे, अब जिलों में भी हो रहे हैं। युवाओं के लिए गीत-संगीत प्राणवायु का काम करता है। हाई-एनर्जी ईडीएम नाइट में लोकप्रिय इलेक्ट्रॉनिक म्यूज़िक आर्टिस्ट रित्विज ने सबसे पहले उन्नाव के युवाओं की प्रशंसा की कि उन्होंने पूरे धैर्य के साथ प्रतीक्षा करके बड़ी संख्या में यहां अपनी आमद दर्ज कराई। रित्विज ने जब उड़ गए…लिग्गी, सेजधा जैसे गीत अपने सुमधुर स्वर में सुनाए तो युवा झूम झूमकर नाचने लगे। रमणीक वातावरण में संगीत मदहोश कर देने वाला था। रित्विज के साथ उनके साथ कई अन्य प्रसिद्ध डीजे और कलाकार भी मंच पर थे। उन्नाव के अलावा कानपुर से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

सबसे बड़ा इवेंट
यह आयोजन इसलिए भी खास रहा क्योंकि सनबर्न पहली बार उन्नाव में आयोजित हुआ। यह शहर के अब तक के सबसे बड़े और भव्य म्यूज़िक इवेंट्स में से एक बन गया। विश्वस्तरीय साउंड, लाइटिंग और विज़ुअल इफेक्ट्स के साथ यह आयोजन गोवा जैसे ईडीएम फेस्टिवल का अनुभव उन्नाव में हुआ। कार्यक्रम में प्रवेश सिर्फ टिकट से ही दिया गया जबकि टिकटों की बिक्री पूरी तरह से ऑनलाइन की गई थी। आयोजक भरत गुप्त ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि उन्नाव के युवाओं के लिए एक नई संस्कृति की शुरुआत करना है। अब तक इस तरह के बड़े ईडीएम इवेंट्स गोवा या मेट्रो शहरों तक सीमित थे, लेकिन सनबर्न रीलोड के ज़रिए पहली बार उन्नाव के युवाओं ने बिना दूर यात्रा किए अपने ही शहर में इस अनुभव का आनंद लिया। भरत गुप्‍त कहा कि यह आयोजन उन्नाव के युवाओं के लिए कुछ नया और ऐतिहासिक लेकर आया। हम यहां एक ऐसी युवा संस्कृति को बढ़ावा देना चाहते हैं, जो अब तक उन्नाव में मौजूद नहीं थी और यह सब अब उन्नाव में ही संभव हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि हज़ारों म्यूज़िक लवर्स की मौजूदगी की उम्मीद के साथ, सनबर्न रीलोड उन्नाव शहर के एंटरटेनमेंट परिदृश्य को एक नई पहचान देने और भविष्य में ऐसे और बड़े आयोजनों का रास्ता खोलेगा।