-तकनीकी खराबी आने के कारण बंद हो गई थी लिफ्ट
-लिफ्ट में पंखा नहीं चलने से हताश हुए लोग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की सोसायटियों में लिफ्ट बंद होने, गिरने, तकनीकी खराबी आने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को आम्रपाली हिमालया प्राइड सोसायटी में दस बच्‍चे व महिला लिफ्ट में फंस गए। सभी लोग लगभग एक घंटे तक उसी में बंद रहे। बच्‍चे हाथ में प्रसाद लेकर सोसायटी के एक और घर में कन्‍या पूजन के लिए जा रहे थे। लिफ्ट में लोगों के फंसे होने की सूचना सोसायटी के कर्मचारियों को दी गई। कर्मचारियों ने किसी प्रकार लिफ्ट खोलकर सभी को बाहर निकाला। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची।


नहीं चल रहा था पंखा
जिस लिफ्ट में बच्‍चे व महिला फंसे थे उसका पंखा भी नहीं चल रहा था। गर्मी व घुटन के कारण सभी लोग परेशान हो गए। लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। सोसायटी के लोगों का कहना है कि समय पर मेंटेनेंस चार्ज लेने के बाद भी व्‍यवस्‍थाओं को सही नहीं रखा जा रहा है। ऐसे में कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी खराबी आने के कारण लिफ्ट बंद हो गई थी, लिफ्ट में आई खराबी को दूर कराने के लिए उसे बंद कर दिया गया है।