-प्राधिकरण टीम ने भनौता गांव से हटाया अतिक्रमण
-प्राधिकरण की अधिग्रहित 8000 वर्ग मीटर जमीन पर भी कर लिया था कब्जा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जमीन अधिग्रहण के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने करोडों रुपए का मुआवजा बांट दिया और लोगों ने प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर ही कब्जा कर लिया। सूचना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का दस्ता भनौता गांव पहुंचा। अभियान चलाकर लगभग 30 हजार वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटाया। इसमें लगभग 8000 वर्ग मीटर जमीन ऐसी थी जिसे प्राधिकरण ने अधिग्रहित कर लिया था। कब्जा करने के बाद इस जमीन को भी अनधिकृत खसरा नंबर की जमीन बताकर बेचा जा रहा था। अभियान के दौरान प्राधिकरण टीम ने लगभग 60 करोड़ रुपए कीमत की जमीन से अतिक्रमण हटा दिया।
Greater Noida: भनौता गांव में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर भी लोगों ने कर लिया था कब्जा। अभियान चलाकर प्राधिकरण ने लगभग 60 करोड़ की जमीन से हटाया अतिक्रमण @GreaterNoidaW @OfficialGNIDA @UPGovt pic.twitter.com/GyBW22flyQ
— The News गली (@The_News_Gali) February 18, 2026
प्लाटिंग की कोशिश
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग के वर्क सर्किल दो की टीम ने यह कार्रवाई की है। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि कालोनाइजर भनौता के खसरा नंबर 238 और 239 की जमीन पर घर व बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के वर्क सर्किल दो के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह और प्रबंधक रोहित गुप्ता व अन्य की टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। किए गए निर्माण को तोड़ दिया गया।
