-योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर खर्च होंगे 1 लाख रुपए
-विवाह में प्रत्येक जोड़े को मिलेगी 25 हजार रुपए की वैवाहिक उपहार सामग्री
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गौतमबुद्धनगर में 20 मार्च को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। सरकार के द्वारा सामूहिक विवाह योजना की धनराशि बढ़ा दी गई है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपए खर्च होंगे। जिसमें से 60 हजार रुपए कन्या के बैंक खाते में जाएंगे। इसके अतिरिक्त 25,000 रुपये मूल्य की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रत्येक जोड़े को प्रदान की जाएगी तथा 15,000 रुपये प्रति जोड़े की दर से कार्यक्रम के आयोजन पर व्यय होंगे।
यह है पात्रता
जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर सतीश कुमार ने बताया कि शासन द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत 20 मार्च को जनपद गौतमबुद्धनगर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।पात्रता की शर्तों के अनुसार कन्या के अभिभावक उत्तर प्रदेश के मूल निवासी होने चाहिये। कन्या अथवा उसके अभिभावक निराश्रित, निर्धन तथा जरूरतमंद होने चाहिये तथा आवेदक के परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 3,00,000 रुपये तक होनी चाहिये। विवाह के लिए आवेदन करते समय कन्या की आयु विवाह की तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक तथा वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। आयु प्रमाण के लिये स्कूल शैक्षिक अभिलेख, जन्म प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड तथा आधार कार्ड मान्य होंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति योजना का लाभ प्राप्त करने के लिये ऑनलाइन पोर्टल/वेबसाइट https://cmsvy.upsdc.gov.in पर अपना आवेदन पत्र सम्पूर्ण औपचारिकताओं के साथ किसी भी जन सुविधा केन्द्र, साइबर कैफे, निजी इंटरनेट केन्द्र के माध्यम से अथवा स्वयं ऑनलाइन कर सकते हैं।
