-सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर प्राधिकरण टीम ने हटाया अतिक्रमण
-लगभग 20 करोड़ रुपए की जमीन कराई कब्जा मुक्त
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है, बावजूद कालोनाइजर के द्वारा भनौता गांव में अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी की जा रही थी। सूचना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि मौके से 10,000 वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। जमीन की कीमत लगभग 20 करोड़ रुपए है। दोबारा निर्माण करने पर कालोनइजर को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बना रहे थे बाउंड्रीवाल
कॉलोनाइजर के द्वारा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित ग्राम भनौता के खसरा संख्या 135 की जमीन पर अवैध निर्माण का काम शुरू किया गया था। कालोनाइजर बाउंड्री कर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहा था। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की तरफ से कार्रवाई जारी रहेगी। एसीईओ ने अपील भी की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि भनौता के खसरा संख्या 135 की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। वर्क सर्किल दो की टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मौके पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है।
