-आरोपितों के द्वारा कई लोगों के साथ की जा चुकी है ठगी
-पुलिस ने आरोपितों के पास से बरामद की नकली मोहर व अन्य दस्तावेज
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बिसरख कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके द्वारा लोगों को रेलवे में नौकरी लगवाने का फर्जी लेटर देकर लाखों रुपए की ठगी की जाती थी। आरोपितों के द्वारा अब तक कई लोगों साथ ठगी की जा चुकी थी। पीडि़त के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से फर्जी मोहर सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।
यह था मामला
पुलिस ने बताया कि आरोपित अश्वनी सारस्वत और पवन चौधरी ने एक व्यक्ति से रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 8 लाख रुपये ठग लिए थे और उसे फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अश्वनी सारस्वत एवं पवन चौधरी को रेलवे फाटक चिपियाना बुजुर्ग के पास से गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर उनके साथी आकिल उर्फ अयान को शाहबेरी से पकड़ा गया। उनके पास स 2 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 एप्पल फोन, 3 फर्जी रेलवे मोहरें, 1 प्रिंटर, 1 सीपीयू, 1 एलईडी मॉनिटर, 8 फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, आधार कार्ड, चरित्र प्रमाण पत्र, विभागीय मेमो, मेडिकल कार्ड सहित अनेक कूटरचित दस्तावेज और एक बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई।
