द न्यूज गली, गौतमबुद्ध नगर : जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर मनोज भाटी बोड़ाकी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी योगेंद्र भाटी को 333 मतों से पराजित किया। मनोज भाटी को 1555 मत मिले, जबकि योगेंद्र भाटी को 1222 मत प्राप्त हुए। इस पद पर आठ मत निरस्त घोषित किए गए।
बुधवार को हुए मतदान में कुल 2935 मतदाताओं में से 2785 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद शाम छह बजे से मतगणना शुरू की गई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में संपन्न हुई।

सचिव पद पर शोभाराम चंदेला विजयी
सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में शोभाराम चंदेला ने 1510 मत प्राप्त कर नीरज भाटी को 695 मतों से हराया। नीरज भाटी को 815 मत मिले, जबकि सतेंद्र कुमार नागर को 436 मत प्राप्त हुए। इस पद पर 24 मत निरस्त हुए। शोभाराम चंदेला ने पहली बार सचिव पद पर जीत दर्ज की।
अन्य पदों के परिणाम
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर छतरपाल सिंह ने 1246 मत पाकर जीत हासिल की। उन्होंने राकेश शर्मा (1059 मत) को 187 मतों से पराजित किया। दुर्गेश सिंह को 417 मत मिले।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेंद्री उर्फ मुस्कान ने 1611 मत प्राप्त कर प्रेमचंद त्यागी (1085 मत) को 526 मतों से हराया। इस पद पर 91 मत निरस्त हुए।
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में कल्याण सिंह नागर ने 1562 मत प्राप्त कर नितिन भाटी (753 मत) को 809 मतों से पराजित किया। दीपक लोहिया को 424 मत मिले। 46 मत निरस्त घोषित किए गए।
सह सचिव (प्रशासनिक) पद पर सिंहराज चौधरी ने 2193 मत पाकर विक्रम सिंह (504 मत) को करारी शिकस्त दी। इस पद पर 88 मत निरस्त हुए।
सांस्कृतिक सचिव पद पर सोनम यादव ने 1504 मत प्राप्त कर मीनू त्यागी (984 मत) को 520 मतों से हराया। 97 मत निरस्त घोषित किए गए।
सह सचिव (पुस्तकालय) पद के लिए कोई प्रत्याशी न होने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया।
