-होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में
-विभाग की टीम ने जिले में 4 स्‍थानों पर की जांच

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: हाल ही में कुट्टू का आटा खाने के बाद जिले में विभिन्‍न स्‍थानों पर 100 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। बड़ी संख्‍या में लोगों का उपचार निजी अस्‍पतालों में हुआ था। लोगों के बीमार होने के बाद सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में आ गया है। होली त्‍योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न हो इसे देखते हुए विभाग ने टीमों का गठन का विशेष जांच अभियान की शुरूआत की है। अभियान के पहले दिन विभाग की टीमों ने जिले में 4 स्‍थानों पर पहुंचकर जांच की और दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

400 लीटर ऑयल सील
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, रविन्द्र नाथ वर्मा एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने ऐच्छर मार्केट ग्रेटर नोएडा स्थित श्याम ट्रेडर्स के यहां पर हरि दर्शन ब्रांड रिफाइंड, रायसब्रान कुकिंग ऑयल 15 किग्रा के 21 रीयूज्ड टीनों में लगभग 315 किग्रा पाया गया। जिसमें से कुकिंग ऑयल का 1 नमूना लेकर शेष 313 किग्रा तेल सीज कर दिया गया। इसी दुकान पर गोपी ब्रांड की रिफाइंड रायसब्रान की 1 लीटर की 84 बोतलों पर बैच नंबर आदि अस्पष्ट होने के कारण 1 नमूना लेकर शेष 80 लीटर तेल सीज कर दिया गया। इसी टीम द्वारा आयेथम गैलेरिया अल्फ़ा 2 ग्रेटर नोएडा स्थित अल्बर्ट पिंटू रेस्टोरेंट से पनीर का 1 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं एस के पांडेय की टीम द्वारा छलेरा सेक्टर-44 स्थित चौधरी फूड प्लाजा के यहां से रसगुल्ला का 1 नमूना लेकर शेष लगभग 10 किग्रा प्रदूषित रसगुल्ला को नष्ट कराया गया। अभियान के दौरान कुल 4 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये गए हैं।