सेमीकंडक्टर पार्क का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम 4 बजे पहुंचेंगे जेवर
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा को लगातार बड़ी सौगात मिल रही है। शनिवार यानी 21 फरवरी को इसमें एक और कड़ी जुड़ जाएगी। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 28 में फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर पार्क का शिलान्यास होगा। शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शाम लगभग 5 बजे वर्चुअल जुड़ेंगे। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम लगभग 4 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पुलिस, प्रशासन व प्राधिकरण के अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

सुरक्षा होगी पुख्ता
कार्यक्रम में सुरक्षा पुख्ता होगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम में 3 डीसीपी, 5 एडिशनल डीसीपी, 13 एसीपी, 4 कंपनी पीएसी और सिविल पुलिस के जवान तैनात होंगे। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि महत्वाकांक्षी परियोजना सेक्टर-28, ई-01 में करीब 48 एकड़ भूमि पर होगी। जिसकी अनुमानित लागत लगभग 4000 करोड़ रुपए है। यह उत्तर प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर पार्क होगा, जिससे प्रदेश औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। अधिकारियों ने बताया कि सेमीकंडक्टर उद्योग भविष्य की अर्थव्यवस्था का आधार होगा और इस क्षेत्र में निवेश से प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी। परियोजना से राज्य में निवेश के नए द्वार खुलेंगे और गौतमबुद्धनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी। परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग 3000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
