द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना सूरजपुर पुलिस ने आम जनता की सतर्कता और सहयोग से दो महिला चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। यह दोनों महिलाएं ऑटो में सवारी बनकर बैठी थीं और साथ बैठी महिला सवारी का सोने का मंगलसूत्र चुरा लिया। चोरी की यह वारदात 17 जुलाई को कस्बा सूरजपुर से घंटा गोलचक्कर के बीच के रास्ते में हुई थी।

हरियाणा से आई थी चोरी करने
घटना के अनुसार दोनों महिलाएं लसंगीता पत्नी महेश (उम्र 26 वर्ष) और रेशमा पुत्री बहादुर (उम्र 20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना चान्ट, जिला पलवल (हरियाणा) सूरजपुर कस्बे से ऑटो में बैठीं। थोड़ी ही दूरी तय करने के बाद उन्होंने ऑटो में बैठी एक अन्य महिला सवारी का लगभग आधा तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र चुपचाप चोरी कर लिया। सवारी को जब चोरी का अहसास हुआ तो शोर मचाया गया। मौके पर मौजूद जनता की तत्परता से दोनों महिलाओं को पकड़ लिया गया और तुरंत सूरजपुर पुलिस को सौंप दिया गया।

थाना सूरजपुर में इस संबंध में मुकदमा बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्ताओं से चोरी गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।