द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रयास से जेवर में 7.750 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया। मार्ग का निर्माण यमुना बांध (जेवर) से जेवर की मढ़ैया, ग्राम गोविन्दगढ़ मार्ग स्थित गौशाला, सिरसा माचीपुर एवं ग्राम साहब नगर होते हुए जेवर तहसील तक (अन्य जिला मार्ग) तक होगा। धीरेंद्र सिंह के नेतृत्‍व में मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन महिलाओं की उपस्थिति में हुआ। दो प्रदेशों की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए इस संपर्क मार्ग पर लगभग 12 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। उत्तर प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के अनुरूप यह मार्ग संपर्क को सुदृढ़ करने तथा हरियाणा को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बीच आवागमन को सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

तेजी से हो रहा विकास
इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण से हरियाणा प्रांत से संपर्क और अधिक सुगम होगा, जिससे व्यापार, रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही जेवर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के नागरिकों को सुरक्षित, तेज एवं बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्‍तर प्रदेश तीव्र गति से परिवर्तन और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पूरे प्रदेश में सड़कों, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं। कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विगत लगभग 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन का नया मॉडल बनकर उभरा है। जेवर क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्य इसी परिवर्तन का प्रमाण हैं। हमारा संकल्प है कि जेवर विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो सके।