-लिफ्ट खराब होने से बच्चे, बुजुर्ग व बीमार हुए परेशान
-सोसायटी के लोगों ने मेंटेनेंस प्रबंधन से लगाई गुहार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न सोसायटी में समय-समय पर लोगों को तमाम परेशानियां झेलनी पड़ती है। लेकिन एक सोसायटी ऐसी है जहां पर लोगों के साथ धोखा किया जा रहा है। यह धोखा लिफ्ट के नाम पर हो रहा है। लिफ्ट की जगह सिर्फ पोस्टर लगाकर ही काम चलाया जा रहा है। टावर की एक लिफ्ट खराब होने के बाद दूसरी लिफ्ट की जगह लगे पोस्टर को देखकर सोसायटी के लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि बिल्डर प्रबंधन से कई बार मांग की जा चुकी है कि पोस्टर की जगह लिफ्ट लगवा दें लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।

सीढियां चढ़ने को विवश
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विक्ट्री वन सेंट्रल सोसायटी में 6 टावर हैं। सभी टावरों में लोग परिवार के साथ रहते हैं। टावर 20 मंजिल के हैं। हर टावर में दो लिफ्ट लगाने की बात बिल्डर प्रबंधन ने कही थी लेकिन एक ही लिफ्ट लगाई है। दूसरी लिफ्ट की जगह सिर्फ लिफ्ट का पोस्टर लगाया है। सोसायटी में के टावर की लिफ्ट खराब हो गई है इस कारण 20 वें फ्लोर तक लोग सीढियां चढ़कर जाने को विवश हैं। सोसायटी के लोगों का कहना है कि बिना मानक पूरा किए एनओसी नहीं मिलती है। आरोप है कि बिल्डर ने लिफ्ट की जगह पोस्टर लगाकर एनओसी प्राप्त की है।
