-गंदे पानी के बीच से जाने को विवश हैं स्‍कूल जाने वाले छात्र व अन्‍य लोग
-कस्‍बे में बीमारी फैलने का लोगों को सता रहा डर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर कस्‍बे की एचडीएफसी बैंक वाली गली में रहने वाले हजारों लोगों का घरों से बाहर निकलना दुश्‍वार हो गया है। जिसका प्रमुख कारण है कि गली में चारों तरफ लगभग एक फीट तक पानी भरा हुआ है। यह पानी बारिश का नहीं बल्कि सीवर का है। लोगों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार की जा चुकी है लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। ऐसे में स्‍कूल जाने वाले छात्र हों या अन्‍य लोग गंदे पानी के बीच से ही जाने को विवश हैं। लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व जिला प्रशासन के अधिकारियों से गंदे पानी के निकासी की उचित व्‍यवस्‍था कराने की मांग की है।

बीमारी फैलने का खतरा
लोगों का कहना है कि यहां पर गंदे पानी के निकासी की कोई व्‍यवस्‍था नहीं है। आलम यह है कि कई लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है। गंदे पानी की बदबू के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मजबूरी में लोग गंदे पानी के बीच से ही जाने को विवश हैं। ऐसे में यहां पर रहने वाले लोगों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है।