-नदी में छोड़ा गया सवा तीन लाख क्यूसेक पानी
-2 सितंबर शाम तक जिले में पानी पहुंचने की संभावना
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में यमुना नदी के डूब क्षेत्र में कई गांव बसे हुए हैं। सिंचाई विभाग के द्वारा यमुना नदी में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में डूब क्षेत्र में बाढ़ आने की संभावना है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग के अधिकारियों ने डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वह सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ की संभावना अगले कुछ दिन तक रहेगी। ऐसे में डूब क्षेत्र की बजाए लोगों से सुरक्षित स्थान पर ही रहने की अपील की गई है।
तीन लाख क्यूसेक पानी
अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड गाजियाबाद ने बताया कि ताजेवाला बैराज (हथनीकुंड) से एक सितंबर को सुबह नौ बजे यमुना नदी में 3,29,313 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है। अनुमान है कि यह पानी 2 सितंबर की शाम तक दिल्ली एवं आस-पास के क्षेत्रों में पहुँच जाएगा। इस कारण यमुना नदी के अधिकतम डूब क्षेत्र के प्रभावित होने की संभावना है। लोगों से अपील की है कि यमुना नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। अपने परिवार एवं पशुओं को भी वहां से हटा लें। ज्ञात हो कि कुछ वर्ष पूर्व आई बाढ़ के कारण कई गांव के लोग प्रभावित हुए थे।
