
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में चल रहे पुष्पोत्सव में देश की प्रमुख संस्था क्रिएटिव फाउंडेशन द्वारा शास्त्रीय नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति का नृत्य निर्देशन एवं कोरियोग्राफी कथक जगत की अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना एवं कला लेखिका गुरु डाक्टर शांभवी शुक्ला द्वारा की गई थी। त्रिवेणी नृत्य संरचना का आरंभ कथक शैली में गणेश वंदना द्वारा हुआ। तत्पश्चात कुचिपुड़ी की मनमोहक प्रस्तुति कु. तनिशा कनकम द्वारा दी गई। जिसमें माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को बखूबी दर्शाया गया। जहाँ प्रियंका छाबरा के द्वारा कथक के जयपुर घराने के विभिन्न तोड़े-टुकड़े-परन को तीव्र गति और चपलता के साथ प्रस्तुत किया गया वहीं ओडिसी नृत्य के लावण्यमय अंग संचालन और चौक जैसी मुद्राओं ने दर्शकों को ओडिसा के मंदिरों की याद दिलाते हुए भावविभोर कर दिया। युवा प्रतिभावान कलाकार राहुल वार्षनेय और कु. मृदुला की जुगलबंदी में अद्भुत तादात्म्य और सामन्जस दिख पड़ा। नृत्य का समापन डाक्टर शांभवी शुक्ला द्वारा कलात्मक रूप से संयोजित तीनों नृत्य विधाओं की मनोहारी तिल्लना प्रस्तुति से हुआ। जिसने खजुराहो नृत्य समारोह जैसा समा बांध दिया। सभी आमंत्रित अतिथियों एवं दर्शकों ने भावविभोर होकर नृत्य प्रदर्शन की सराहना की। अंत में गुरु डाक्टर शांभवी शुक्ला का अभिनन्दन कर विशिष्ट अतिथि द्वारा मोमेंटो प्रदान किया गया। समारोह में गोस्वामी सुशील महाराज, महर्षि भृगु पीठाधीश्वर, अध्यक्ष सीआरडीजी अरविन्द तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।