द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-3 पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के एक अहम सदस्य की गिरफ्तारी के बाद चोरी का माल खरीदने वाले दो स्वर्णकारों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को थाना फेस-3 पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय टप्पेबाज शिवा उर्फ शिव कुमार उर्फ लखविन्दर बावरिया को एक पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। आरोपी मूल रूप से लुधियाना (पंजाब) का निवासी है, जो वर्तमान में बदरपुर बॉर्डर, पूर्वी दिल्ली में रह रहा था। पुलिस को आरोपी से कई अहम जानकारियाँ मिलीं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी
शिवा उर्फ लखविन्दर की निशानदेही पर थाना फेस-3 पुलिस ने 6 जुलाई 2025 को दो स्वर्णकारों अनिल कुमार झा और अंकुर सोलंकी को सेक्टर-71 स्थित डम्पिंग ग्राउंड के गेट के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
-अनिल कुमार झा पुत्र हरिशंकर झा, निवासी शिव कॉलोनी, थाना पल्ला, जिला फरीदाबाद (हरियाणा), उम्र 48 वर्ष।
-अंकुर सोलंकी पुत्र सुशील कुमार, निवासी राजेन्द्र कॉलोनी, सेक्टर-28, जिला फरीदाबाद (हरियाणा), उम्र 33 वर्ष।
दोनों आरोपी पेशे से स्वर्णकार हैं और चुराए गए आभूषणों को खरीदने में शामिल पाए गए हैं।
बरामद आभूषण
एक महिला की चैन (पीली धातु), दो झुमके (पीली धातु), एक जोड़ी बाली (पीली धातु)
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुख्ता साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह गिरफ्तारी चोरी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
