द न्यूज गली, नोएडा : पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की “मिशन सहयोग” मुहिम के तहत सेंट्रल नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 गुम हुए कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। सर्विलांस सेल ने तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल की मदद से अलग-अलग कंपनियों के इन मोबाइल फोन को बरामद कर बुधवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
सर्विलांस सेल की मेहनत रंग लाई
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो और बसों में सफर के दौरान अथवा सुबह-शाम टहलते समय कहीं गिर गए थे या छूट गए थे। मोबाइल गुम होने के बाद उनके स्वामियों ने सेंट्रल नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सर्विलांस सेल ने तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गुम मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद उन्हें बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान की गई। बुधवार को सभी 101 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।लंबे समय बाद अपना मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
