वर्षों पूर्व निर्माण के बाद भी नहीं हो पा रहा था आवंटन
-प्राधिकरण अधिकारियों का दावा जल्‍द जारी होगा आवंटन पत्र

द न्‍यूज गली, गेटर नोएडा: सेक्‍टरों में रेहड़ी-पटरी वालों से होने वाली वसूली व लगने वाले जाम का हल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वेंडिंग जोन के रूप में निकाला था। अल्‍फा, बीटा, गामा, पाई, सेक्‍टर-36 सहित अन्‍य स्‍थानों पर लगभग 529 लोगों को वेंडिंग जोन में स्‍थान का आवंटन किया जाना था। साथ ही कुछ सेक्‍टरों में वेंडिंग जोन बनाने पर काम भी चल रहा है। जहां पर 239 स्‍थानों का आवंटन होगा। जांच में सामने आया है कि वेंडिंग जोन में पात्रों के चयन में गड़बड़ी हुई थी। इस कारण मामला लटक गया था। अब प्राधिकरण की टीम घर-घर जाकर पात्रों की जांच कर रही है। प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है कि 20 लोगों को कसौटी पर खरा पाया गया है। इन्‍हें कुछ सप्‍ताह में आवंटन पत्र जारी कर दिया जाएगा।

कैसे हुई थी गड़बड़ी
वेंडिंग जोन योजना के तहत उन्‍हीं लोगों को वेंडिंग जोन में जगह का आवंटन होना था जो गरीब और स्‍थानीय हैं। उनके द्वारा पिछले लंबे समय से रेहड़ी-पटरी लगाई जा रही है। यह भी देखा जाना था कि रेहड़ी-पटरी वालों को उस वेंडिंग जोन में स्‍थान का आवंटन किया जाए जहां से उनके घर की दूरी कम हो। किराए के रूप में उनसे प्रतिमाह 1500 रुपया लिया जाना था लेकिन पात्रों के चयन में गड़बड़ी की गई। चयन होने पर 69 के द्वारा पैसा भी जमा कर दिया गया था। चयन में गड़बड़ी होने पर कुछ लोग कोर्ट चले गए थे। शर्तों के आधार पर पात्रों का चयन दोबारा से किया जा रहा है। अब तक 20 पात्र सभी कसौटी पर खरे पाए गए हैं। उन्‍हें आवंटन पत्र जारी करने की तैयारी की जा रही है।