द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा के सेक्टर 151-153 में बिल्डरों के द्वारा पिछले दो वर्ष से लगातार बड़े स्तर पर भूजल दोहन किया जा रहा है। प्रतिदिन पीने योग्य लाखों लीटर पानी नाले में बहाया जा रहा है। जिसकी शिकायत करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने भूजल विभाग,जिला प्रशासन एवं जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह से की थी। बावजूद भी बिल्डरों के द्वारा भूजल दोहन अभी भी जारी है। भूजल विभाग की साठ-गांठ के खिलाफ व बिल्डरों पर कार्रवाई कराने हेतु करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित पत्र एडीएम बच्चू सिंह को सौंपा।
नहीं रुक रही पानी की बर्बादी
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 151 में एनपीएस बिल्डिंग के पीछे सैकड़ो पंप के माध्यम से स्वच्छ पानी को 24 घंटे बर्बाद किया जा रहा है। सेक्टर 153 में भी पिछले दो वर्ष से प्राइवेट बिल्डर भूजल दोहन कर रहा है। अगर यह लगातार ऐसे ही चला रहा तो एक दिन यहां लोग पानी की एक बूंद के लिए तरसेंगे। लगातार शिकायत करने के बाद भी बिल्डर दबाकर भूजल दोहन कर रहे हैं। भूजल दोहन तत्काल प्रभाव से बंद नहीं हुआ तो करप्शन फ्री इंडिया संगठन अनिश्चितकालीन जिला मुख्यालय प्रांगण में धरना देगा। इस अवसर पर नीरज भाटी, आकाश नागर, धर्मेंद्र भाटी, बॉबी गुर्जर, सुनील नागर, हबीब सैफी आदि लोग मौजूद थे।
