-कार्रवाई में 5000 वर्ग मीटर एरिया से हटाया अतिक्रमण
-जमीन की कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए होने का आकलन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से शनिवार को अमरपुर गांव में अतिक्रमण हटाया। सरकारी जमीन पर गांव के ही कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन कब्जाने को लेकर ही गांव के दो पक्षों में विवाद भी चल रहा था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर वर्क सर्किल-8 के प्रभारी नागेंद्र सिंह, एसीपी अरविंद कुमार चहल, एसएचओ अरविंद कुमार, स्थानीय चौकी इंचार्ज और जिला प्रशासन की टीम ने पुलिस और पीएसी की टीम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि को मुक्त करा लिया गया।
दस करोड़ की जमीन
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जिस जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है उसकी तार फेंसिंग कर प्राधिकरण अपने कब्जे में ले लेगा। इसकी कीमत लगभग 10 करोड रुपए होने का आकलन है। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव का कहना कि अधिसूचित एरिया में किसी भी सरकारी जमीन पर कब्जा करना गलत है। प्राधिकरण की तरफ से पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर ऐसी जमीनों को मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने अपील की है कि कालोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
