-महिला को डाक्‍टर के पास लेकर पहुंचे सोसायटी के लोग
-लाइट जाने के बाद फ्री फॉल होकर नीचे गिरी लिफ्ट

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की हिमालया प्राइड सोसायटी में सोमवार को एक बड़ी घटना होने से बच गई। सोसायटी की लिफ्ट में लगभग 20 मिनट तक फंसी महिला घबरा गई और उसका बीपी हाई हो गया। लिफ्ट के अंदर ही महिला अचेत हो गई। सोसायटी के मेंटेनेंस कर्मचारियों ने किसी प्रकार लिफ्ट खोलकर महिला को बाहर निकाला। जब उसे निकाला गया तो उसका पूरा शरीर कांप रहा था। सोसायटी के लोग तत्‍काल उसे लेकर डाक्‍टर के पास गए। इस घटना के बाद सोसायटी के लोग नाराज हो गए। लोगों का कहना है कि यह घटना और बड़ी हो सकती थी।सोसायटी के लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

फ्री फॉल हुई लिफ्ट
सोसायटी के बी टावर में शैली परिवार के साथ दसवें फ्लोर पर रहती हैं। सोमवार को लगभग 11 बजे वह लिफ्ट से फ्लैट पर जा रही थी। लोगों ने बतया कि लिफ्ट जब दसवीं मंजिल पर पहुंची तो लाइट चली गई। लिफ्ट फ्री फॉल होकर छठे फ्लोर पर आकर रुकी। महिला घबरा गई और चिल्लाने लगी। लोगों ने बताया कि महिला को ब्लड प्रेशर की दिक्कत थी। जिसकी वजह से उनका बीपी बढ़ गया। लिफ्ट में पंखा भी नहीं चल रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर ही बड़ी संख्‍या में सोसायटी के लोग एकत्र हो गए। लोगों का आरोप है कि मेंटेनेंस चार्ज लेने के बाद भी मेंटेनेंस पर ध्‍यान नहीं दिया जा रहा है।