-मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के तहत प्रचार वाहन किया गया रवाना
-राज्य महिला आयोग की सदस्य डाक्‍टर हिमानी ने की महिला जनसुनवाई

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: महिलाओं की सुरक्षा एवं महिलाओं के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीएम मनीष कुमार वर्मा एवं राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य डॉक्टर हिमानी अग्रवाल ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत कलेक्ट्रेट में बैठक की। महिलाओं के हितार्थ संचालित योजनाओं के प्रचार प्रसार हेतु प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलेक्ट्रेट परिसर में मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम पर आधारित आकाश लेखन बैलून का भी शुभारंभ किया गया। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि महिलाओं से संबंधित मामले में कोई भी विभाग लापरवाही न बरतें।

इन विभागों के साथ की बैठक
डाक्‍टर हिमानी ने अपर पुलिस आयुक्त महिला, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण कल्याण अधिकारी आशीष कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा महिलाओं के कल्याणार्थ जो जनकल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किया जा रहे हैं, उनका जनपद में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार सुनिश्चित कराते हुए पात्र महिलाओं तक उसका लाभ पहुंचने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इसके लिए कैंप लगाकर लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करें और जो शासन से आप लोगों का लक्ष्य जनपद के लिए निर्धारित किया गया है उसकी शत् प्रतिशत प्राप्ति करें। जनसुनवाई में आई पीड़ित महिलाओं की समस्या को सुनते हुए निर्देश दिए कि जनपद में जो भी महिला उत्पीड़न के प्रकरण लंबित चल रहे हैं, उनका निस्तारण पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी शीघ्र करें।