द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित आईटीएस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंसेज के फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा एक दिवसीय हैंड्स-ऑन फिजियोथेरेपी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. पीयूष जैन ने किया। कार्यशाला में बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी) के तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की क्लिनिकल रीजनिंग, रोग मूल्यांकन क्षमता तथा व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करना था। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को इंटरैक्टिव डेमोंस्ट्रेशन एवं साक्ष्य-आधारित (एविडेंस-बेस्ड) फिजियोथेरेपी तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई।
डॉ. पीयूष जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न उन्नत चिकित्सीय तकनीकों का प्रदर्शन किया तथा विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण से आगे बढ़कर वास्तविक क्लिनिकल परिस्थितियों की समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों एवं चर्चाओं के माध्यम से अपने कौशल को निखारा। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।


