-पूर्व सैनिकों के द्वारा अवैध खनन व अवैध निर्माण पर रखी जाएगी नजर
-प्राधिकरण अधिकारियों को प्रतिदिन देनी होगी रिपोर्ट
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध खनन व अवैध निर्माण पर 95 पूर्व सैनिकों की नजर होगी। प्राधिकरण ने पूर्व में इस कार्य में 85 सैनिक लगाए थे, अब इनकी संख्या बढ़ाकर 95 कर दी गई है। साथ ही उन्हें पांच वाहन भी उपलब्ध कराए गए हैं। सैनिकों को प्रतिदिन यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में गश्त करनी होगी। जिसकी रिपोर्ट प्राधिकरण अधिकारियों को देनी होगी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर प्राधिकरण की टीम कार्रवाई करेगी। एसीईओ राजेश कुमार ने पूर्व सैनिकों के साथ बैठक कर नए निर्देर्शों के बारे में जानकारी दी।
बनाया गया वाट्सएप गुप
पूर्व सैनिकों को निर्देश दिया गया है कि उनके द्वारा संबंधित क्षेत्र की पुलिस के साथ ही प्राधिकरण के परियोजना विभाग व भूलेख विभाग के विभागाध्यक्ष को प्रतिदिन रिपोर्ट देंगे। संबंधित क्षेत्र के लेखपाल व तहसीलदार सुरक्षा बल की रिपोर्ट का संज्ञान लेकर अवैध निर्माण पर धारा 10 के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेंगे। बैठक में संबंधित क्षेत्र के लेखपाल व परियोजना अभियंता को निर्देशित किया गया कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण होने पर वह स्वयं भी जिम्मेदार होंगे। सभी विभागों के अधिकारियों के समन्वय के लिए एक वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है।
