-लोगों से की गई नदियों को स्वच्छ रखने की अपील
-एकत्र किए गए कूड़े को नदी के किनारे से हटाया
द न्यूज गली, नोएडा: नदियों की स्वच्छता बहुत ही जरूरी है, लेकिन लोगों के द्वारा कूड़ा फेंक कर नदियों को गंदा किया जाता है। जिसका असर पर्यावरण पर पड़ता है। नदियों में कूड़ा फेंकने से नदियों का पानी पीने योग्य नहीं बचा है। रविवार को विशेष अभियान चलाकर यमुना नदी व उसके तट को साफ किया गया। अभियान में वन विभाग व प्राधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनों के युवाओं ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान काफी कूड़ा एकत्र हुआ, जिसे उचित स्थान पर फेंका गया।
युवाओं ने किया श्रमदान
प्रभागीय वन अधिकारी गौतमबुद्ध नगर प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वच्छ यमुना के लिए एक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें संबंधित अधिकारीगण, वाईएस एस फाउंडेशन और स्वयंसेवकों, ओखला पक्षी अभ्यारण्य आरएफओ, नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारीगण व अन्य लोग शामिल हुए। लगभग 2 घंटे तक चले अभियान में यमुना को स्वच्छ बनाने में सभी ने अपना-अपना श्रमदान दिया। अभियान के दौरान नदियों की स्वच्छता का संदेश दिया गया। प्रभागीय वन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशों के क्रम में आगे भी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए एवं जन सहयोग प्राप्त करते हुए नदियों को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान संचालित चलाया जाएगा।

