
-बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के युवाओं ने रखे विचार
-वन नेशन वन इलेक्शन से होगी समय और पैसों की बचत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विकसित भारत युवा संसद का आयोजन गौतमबुद्ध नगर के द्रोणाचार्य कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने वन नेशन वन इलेक्शन पर अपने विचार रखे। देश के विकास के लिए वन नेशन वन इलेक्शन को अच्छा बताया। कहा कि इससे पैसों के साथ-साथ समय की भी बचत होगी। एक राष्ट्र, एक चुनाव प्रणाली से देश को विकास की अपूर्व गति मिलेगी क्योंकि चुनावी प्रक्रिया पर होने वाला अनावश्यक खर्च और समय बचाया जा सकेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी श्रीचंद शर्मा थे।
युवाओं की भागीदारी अहम
श्रीचंद शर्मा ने कहा कि देश को विकसित बनाने में युवाओं की भागीदारी अहम है। यदि हमें विकसित भारत का सपना साकार करना है, तो हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना होगा और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन प्रणाली से चुनावी खर्च और समय की बचत होगी, जिससे विकास कार्यों को अधिक गति मिलेगी। बागपत के छात्र ईनाम उल हसन ने कहा कि मार्ग में बाधाएं चाहे अनेक हों, जब देश एक है तो चुनाव भी एक हो। गौतमबुद्धनगर के अभिनव, अर्जुन प्रताप, अवनी मिश्रा और आशी पांडेय ने वन नेशन, वन इलेक्शन के संभावित लाभ और चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और देश आर्थिक रूप से मजबूत होगा। नेहरू युवा केन्द्र गौतमबुद्ध नगर की जिला युवा अधिकारी स्निग्धा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। जिनमें से 10 युवा चयनित होकर लखनऊ में राज्य स्तरीय युवा संसद में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।