-अवैध निर्माण पर यमुना प्राधिकरण ने की बड़ी कार्रवाई
-अलीगढ़ के टप्पल में तोड़ा गया अवैध निर्माण
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अलीगढ़ के टप्पल में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हो रहा था। सूचना के बाद प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की। अभियान में लगभग 30 हेक्टेयर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। जमीन की कीमत 400 करोड़ रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार एवं शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई।
बना रहे थे अवैध कॉलोनी
प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में कुछ लोगों के द्वारा अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी। महंग दामों पर लोगों को प्लाट बेचे जा रहे थे। अभियान में प्राधिकरण की टीम ने निर्माण को तोड़ दिया। प्राधिकरण के भूलेख विभाग एवं प्रोजेक्ट विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई में लगभग 30 हेक्टेयर (3,00,000 वर्ग मीटर) भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।कार्रवाई में विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, शिव अवतार सिंह, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी व तहसीलदार मनोज कुमार सिंह सहित प्राधिकरण एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अवैध निर्माण अथवा अनधिकृत विकास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
