-शराब की 30 दुकानों के लिए प्राप्त हुए 4047 आवेदन
-जिले में शराब के दुकानों की संख्या पहुंची 526
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में शराब दुकानों का आवंटन प्राप्त करने के लिए लोगों में गजब की दिलचस्पी देखने को मिली। मात्र 30 दुकानों के लिए 4047 आवेदन प्राप्त हुए। एक खास बात और देशी मदिरा की 24 दुकानों के लिए सर्वाधिक 3535 आवेदन मिले। ई लॉटरी के माध्यम से सभी दुकानों का आवंटन हो गया। दुकानों के आवंटन से सरकार को 28 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। अब जिले में शराब की कुल दुकानों की संख्या 526 हो गई है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि जिन लोगों को दुकानों का आवंटन हुआ है उन्हें अगले 3 दिनों में आवंटन की पूरी फीस जमा करनी होगी। निर्धारित समय में फीस न जमा करने पर आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। आबकारी राजस्व की दृष्टि से ऐतिहासिक रहा क्योंकि पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा आवेदन मदिरा दुकानों के लिए जनपद गौतम बुद्ध नगर में ही प्राप्त हुए।
नई खुली 25 दुकान
आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार नवसृजित देशी मदिरा की 23 एवं कंपोजिट की 02 दुकानों सहित कुल 30 दुकानों का व्यवस्थापन जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष द्वितीय चरण की ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। जिसके ऑनलाइन आवंटन का लाईव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कलेक्ट्रेट के सभागार एवं परिसर में किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि देशी मदिरा की 24 दुकानों के लिए 3535 आवेदन, कंपोजिट मदिरा की 02 दुकानों के लिए 507 आवेदन तथा मॉडल शॉप की 04 दुकानों के लिए 05 आवेदन प्राप्त हुए। कुल 4047 आवेदन प्राप्त हुए। ई-लॉटरी में प्राप्त आवेदनों के द्वारा लगभग 28 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। ई लॉटरी प्रक्रिया के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार,आबकारी विभाग द्वारा नामित सहायक आबकारी आयुक्त, मोहन मीकिंग आसवनी ,गाजियाबाद रविशंकर ,पुलिस विभाग द्वारा नामित अधिकारी एवं समस्त आबकारी निरीक्षक उपस्थित रहे।

