![](https://www.thenewsgali.com/wp-content/uploads/2025/02/IMG-20250213-WA0013.jpg)
द न्यूज गली, नोएडा : गौतमबुद्धनगर पुलिस ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नरेट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त 646.705 किलोग्राम गांजा को नियमानुसार नष्ट कर दिया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कुल कीमत लगभग 1.25 करोडं रुपये आंकी गई है।
134 मामलों में नष्ट किया गया गांजा
यह कार्रवाई बुधवार को डीसीपी अपराध शक्ति मोहन अवस्थी और डीसीपी नार्कोटिक्स अशोक कुमार के निर्देशन में की गई। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त ट्विंकल जैन और वर्णिका सिंह की उपस्थिति में पुलिस कमिश्नरेट के सात थानों में दर्ज कुल 134 मामलों से संबंधित गांजा का विनष्टीकरण किया गया।
सर्वोच्च न्यायालय और डीजी मुख्यालय के आदेशों का पालन
सर्वोच्च न्यायालय और डीजी मुख्यालय नार्कोटिक्स के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत, मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत अंजाम दिया गया। यह नष्टीकरण नेशनल वुड प्रोडक्ट्स, साइट-5, कासना में किया गया, जहां विशेषज्ञों और अधिकारियों की मौजूदगी में गांजा को नष्ट किया गया।
थानों में जब्त गांजा का निष्पादन
गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से संबंधित गांजा का निष्पादन किया गया। इस कार्रवाई के तहत
• थाना कासना में दर्ज दो मामलों से संबंधित 452.4 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया।
• थाना सेक्टर-39 के एक मामले से 107 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया।
• थाना फेस-1 में दर्ज 51 मामलों से 32.890 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया।
• थाना सेक्टर-20, थाना सेक्टर-24, थाना सेक्टर-49 और थाना सेक्टर-58 में दर्ज कुल 78 मामलों से संबंधित गांजा को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस कमिश्नरेट का यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।