द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा पुलिस की सतर्कता और साइबर तकनीक की मदद से आज एक महिला का महत्वपूर्ण दस्तावेजों और सामान से भरा बैग सकुशल वापस किया गया। यह घटना सेक्टर-52 स्थित पिंक बूथ पर दर्ज की गई, जहां महिला ने बताया कि उसका बैग ऑटो में छूट गया है।

सेक्टर 52 से गौर सिटी जा रही थी
महिला सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से गौर सिटी की ओर जा रही थीं, तभी सफर के दौरान उनका बैग, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, रुपए और ATM कार्ड मौजूद थे, ऑटो में छूट गया। परेशान महिला ने तुरंत पिंक बूथ पर मौजूद उप निरीक्षक नूरद्दीन को घटना की जानकारी दी और ऑटो चालक को किए गए किराए के डिजिटल भुगतान की जानकारी साझा की।

सूचना मिलते ही कार्यवाही
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए साइबर हेल्पडेस्क की मदद ली। कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेन्द्र कुमार सिंह और आरक्षी अतुल कुमार ने UPI लेन-देन के आधार पर ऑटो चालक की पहचान की और उससे संपर्क कर बैग बरामद किया। जांच में पाया गया कि बैग की सभी सामग्री सुरक्षित थी।

इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी-3) ट्विंकल जैन द्वारा महिला को उसका बैग सौंपा गया। महिला ने नोएडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।