द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पुलिस में हाल ही में भर्ती हुए एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीरो प्वाइंट से करीब 11 किलोमीटर दूर हुआ।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय आलोक शर्मा के रूप में हुई है, जो जेवर कस्बे के पल्लावड़ा मोहल्ला के निवासी थे। कुछ दिन पहले ही उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर नियुक्ति मिली थी और वे हाल ही में नियुक्ति पत्र लेकर घर लौटे थे। हादसे में घायल उनका दोस्त प्रियांशु (21) बुंदेलखंड का निवासी है। दोनों नोएडा सेक्टर 150 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
बुधवार सुबह दोनों युवक बाइक से जेवर से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे। जब वे यमुना एक्सप्रेसवे पर दनकौर थाना क्षेत्र में पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान आलोक शर्मा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रियांशु की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
