
-अर्जुन ने फिर बढ़ाया जिले व प्रदेश का सम्मान
-बड़ी संख्या में लोगों ने अर्जुन को फोन पर दी बधाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दो बार के जूनियर गोल्फ चैंपियन ग्रेटर नोएडा निवासी अुर्जन भाटी को नेशनल यूथ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन खेल मंत्रालय के द्वारा पार्लियामेंट में 3 अप्रैल को किया जाएगा। जिसमें खेल मंत्रालय के साथ ही अन्य विभागों के मंत्री भी हिस्सा लेंगे। अर्जुन को नेशनल यूथ अवार्ड मिलने की सूचना जैसे ही लोगों को मिली सभी खुश हो गए। लोगों ने फोन पर अर्जुन को बधाई दी। अवार्ड के लिए चयनित होने पर अर्जुन ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, खेल अधिकारियों व अन्य का आभार जताया।
अर्जुन ने मनवाया है अपना लोहा
देश को मदद देने के लिए अर्जुन ने कोरोना काल में अपनी 102 ट्राफी नीलाम की थी। उनकी दादी ने भी अपनी एक साल की पेंशन प्रधानमंत्री फंड में जमा कर दी थी। बाद में उनके द्वारा किए गए कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र भेजकर उनका आभार जताया था। पूर्व में विश्व स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अर्जुन 9 साल की उम्र से गोल्फ खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडि़यों का सहयोग करने में सरकार का बहुत ही सराहनीय योगदान रहा है।