-जय हो संस्था ने सांसद डाक्‍टर महेश शर्मा से की मांग
-सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने मांग रखने का दिया भरोसा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जय हो एक सामाजिक संस्था ने बोड़ाकी में बन रहे रेलवे जंक्शन का नाम 1857 की क्रांति के नायक रहे राजा राव उमराव सिंह के नाम पर रखने की मांग की है। मांग के समर्थन में संस्‍था के सदस्‍यों ने सांसद डाक्‍टर महेश शर्मा से मुलाकात कर मांग का ज्ञापन सौंपा। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर मांग को पूरा कराने में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। संस्था का कहना है कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दादरी क्षेत्र के 84 रणबांकुरों को अंग्रेजों के द्वारा बुलंदशहर के काला आम पर फांसी की सजा दी गई थी। आज क्षेत्र में बन रहे दिल्ली-एनसीआर के सबसे बड़े रेलवे जंक्शन बोड़ाकी को क्षेत्र के उन्हीं बलिदानियों को समर्पित किया जाए।

दादरी का अहम योगदान
जय हो संस्‍था के संस्थापक संयोजक कपिल शर्मा ने बताया कि देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 1857 की क्रांति में दादरी क्षेत्र का बड़ा योगदान रहा है। क्षेत्र के कटहेरा गांव निवासी राजा राव उमराव सिंह को गदर का नेता चुना गया था। जिनके नेतृत्व में दादरी क्षेत्र के रणबांकुरों ने अंग्रेज सरकार को दांतों चने चबाने को मजबूर कर दिया था। अंग्रेजी सरकार ने राजा राव उमराव सिंह समेत दादरी क्षेत्र के 84 क्रांतिकारियों को बुलंदशहर के काला आम पर फांसी की सजा दी गई थी। उन्हीं क्रांतिकारियों की भूमि कटहेरा, बोड़ाकी, पल्ला, रामगढ़ आदि की भूमि पर दिल्ली एनसीआर का सबसे बड़ा रेलवे जंक्शन बोड़ाकी बनाया जा रहा है। ऐसे में क्षेत्र के उन सभी रणबांकुरों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए इस रेलवे जंक्शन का नाम राजा राव उमराव सिंह के नाम पर रखा जाना चाहिए। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सुधीर वत्स, कपिल चौधरी, रविंद्र रौसा, संयोजक संदीप भाटी, महासचिव परमानंद कौशिक, सुनील कश्यप, दीपक शर्मा , सुरजीत विकल, विवेक रावल, सचिन शर्मा, पांचादित्य शर्मा, यश दीक्षित आदि लोग मौजूद थे।