-सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार कर रहे हैं मॉनीटरिंग
-अगले 48 घंटे तक सतर्क रहने की है आवश्यकता
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुध नगर के 30 से अधिक गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जिसका प्रमुख कारण है यमुना नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन के अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें। साथ ही डूब क्षेत्र में बसे गांवों में रहने वालों को भी अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का निर्देश भी दे दिया गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अगले 48 घंटे अहम होंगे।
छोड़ा जा रही पानी
हथिनीकुंड बैराज से एक लाख 16 हजार पानी यमुना में डिस्चार्ज किया गया है। इससे यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। किसी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए बाढ़ नियंत्रण चौकियां स्थापित हो गई हैं। सभी चौकी पर कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही रेस्क्यू टीम भी लगा दी गई है। एनडीआरएफ समेत अन्य एजेंसी को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी मंगलवार शाम तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही ओखला बैराज से भी पानी छोड़ा गया है। बाढ़ आने पर मोमनाथल, मोतीपुर, घरबरा, मलकपुर, याकूतपुर, कुलेसरा सहित अन्य गांवों में पानी आ सकता है। डीएम मेधा रुपम भी बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रही हैं। बैठक कर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा है कि डूब क्षेत्रों में जो गौशालाएं है, उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखी जाए।
