द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित ईशान कॉलेज में सत्र 2025-26 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों हेतु ओरिएंटेशन दीक्षारंभ- 2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किया। छात्रों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प एवं कठिन परिश्रम के बल पर कोई भी बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे स्वयं मनोविज्ञान की छात्रा रही हैं।

कॉलेज को सराहा
जिलाधिकारी ने संस्थान के चेयरमैन डा० डीके गर्ग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा० तुषार आर्य तथा डा० अमन आर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान ने इस जनपद में वैदिक संस्कृति को संजोए रखने में सराहनीय योगदान दिया है। आयुर्वेदिक अस्पताल द्वारा दी जा रही सेवाओं की भी उन्होंने विशेष सराहना की तथा संस्थान को जनपद का सबसे उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान की उपाधि प्रदान की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने परिसर में वृक्षारोपण किया। संस्थान प्रबंधन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पधारे आईएफएस (सेवानिवृत्त) डीआर बंसल ने विद्यार्थियों को एकाग्रता एवं कठिन परिश्रम से अध्ययन करने हेतु प्रेरित किया।