द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : शहर में स्थानीय रूटों पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा डिपो को आठ मिनी बसें उपलब्ध कराई जानी हैं। इनमें से दो बसें डिपो को मिल चुकी हैं, जबकि शेष छह बसें इस माह के अंतिम सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है। इन बसों के संचालन के लिए दस रूट निर्धारित किए गए हैं, जिनके माध्यम से जिले के कस्बों, नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा।
8 बस नोएडा को आवंटित
शासन ने जिले में परिवहन सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से मिनी बसें देने की योजना शुरू की है। अब तक जिले में कुल दस मिनी बसें पहुंची हैं। इनमें दो बसें ग्रेटर नोएडा और आठ बसें नोएडा डिपो को आवंटित की गई हैं। फिलहाल सभी बसें दोनों डिपो में खड़ी हैं और संचालन का इंतजार कर रही हैं।
इन रूट पर चलेंगी
नियोजित रूटों के अनुसार मिनी बसें नोएडा से ग्रेटर नोएडा होते हुए जेवर, दनकौर, रबूपुरा, जहांगीरपुर, दादरी, एनटीपीसी सहित कई स्थानीय रूटों पर चलाई जाएंगी। इन रूटों पर बसें शुरू होने से यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
डीजल सप्लाई की व्यवस्था अधर में
मिनी बसों के संचालन में फिलहाल सबसे बड़ी बाधा डीजल उपलब्धता की है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अभी केवल सीएनजी पंप ही मौजूद हैं, जबकि बसें डीजल से चलेंगी। डीजल की सप्लाई कहां से होगी, इस पर अभी निर्णय लंबित है।
रखरखाव शुल्क पर अटका मामला
बसों के रखरखाव की जिम्मेदारी निर्माण कंपनी की होगी। कंपनी और निगम के बीच रखरखाव शुल्क को लेकर वार्ता जारी है। कंपनी द्वारा अधिक शुल्क मांगे जाने के कारण प्रक्रिया में विलंब हो रहा है।
जैसे ही रखरखाव और परमिट संबंधी प्रक्रिया पूरी होगी, मिनी बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
— राजेश वर्मा, एआरएम, ग्रेटर नोएडा डिपो
