– गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी ने आयोजित की भजन संध्या
– बुजुर्गों ने भी अपनी भावनाएं संगीत के जरिए प्रकट की

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी ने भजन संध्या का आयोजन किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों ने भक्ति और संगीत की सजीव प्रस्तुति का आनंद लिया। वर्षों से अकेलेपन और नीरसता के साए में जी रहे बुजुर्गों के लिए यह संध्या भावनात्मक और आत्मिक रूप से संजीवनी समान रही। आश्रम में एकाकी जीवन जी रहे बुजुर्ग भजनों पर झूमे। कई बुजुर्गों ने अपनी भावनाओं को संगीत के माध्‍यम से प्रकट किया। भजन संध्या का संचालन गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी के संयोजक आनंद मिश्रा ने किया। उपेन्द्र कुमार और प्रवेश कुमार भजनों की प्रस्‍तुति दी।

चेहरे पर आई मुस्‍कान
शिव और राम भजनों की गूंज से पूरा वृद्धाश्रम भक्तिमय हो उठा। जब गायक मंडली ने वैष्णव जन तो तेने कहिए जो पीर पराई जाने रे और रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम, भजन शुरू किया तो वहां मौजूद बुजुर्ग भी खुद को रोक नहीं सके और झूम उठे। आश्रम में रहने वाले कुछ बुजुर्गों ने भी अपनी भावनाएं संगीत के जरिए प्रकट कीं। कई बुजुर्गों ने कृष्ण भजन हरे कृष्णा हरे राम और अच्युतम केशवं श्री कृष्ण दमोदरम, शिव स्तुति दी। भजन संध्या के बाद यमी केक डॉट इन के संचालक चंदन कुमार और नविता गुप्ता ने बुजुर्गों के बीच केक, पेस्ट्री और फल वितरित किए। कार्यक्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी की अध्यक्ष प्रियंका कुमारी, अमित त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।