द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा 2 पुलिस के कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने वर्ष 2022 से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे ₹25,000 के इनामी अभियुक्त एवं गैंगलीडर मोहम्मद चाँद को राजस्थान के कोटा शहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद चाँद पुत्र तन्जीम, राजस्थान के भाया की बाड़ी, थाना अन्ता, जिला बाड़ा का निवासी है। वह एक सक्रिय आपराधिक गिरोह का सरगना है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में ठगी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
लूट और ठगी की वारदातों में लिप्त
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2021 में मोहम्मद चाँद और उसके साथी आरिस ने थाना बीटा 2 क्षेत्र में दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना में आरोपियों ने बर्तन पाउडर बेचने के बहाने एक महिला से कान के कुण्डल और गले का पेण्डल लूट लिया था। दूसरी वारदात में इन्होंने दवाई बेचने व इलाज करने का बहाना बनाकर एक घर में घुसकर ₹5 लाख रुपये की ठगी की थी।
इन घटनाओं के बाद वर्ष 2022 में दोनों आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से मोहम्मद चाँद फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
कोटा झील के पास से हुई गिरफ्तारी
थाना बीटा 2 पुलिस टीम ने 25 मई 2025 को एक विशेष ऑपरेशन चलाकर मोहम्मद चाँद को कोटा झील के निकट पत्थर घोड़ा स्थल, कोटा सिटी (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी किसी नई वारदात की फिराक में था। पुलिस की यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
सह अभियुक्त की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गैंग का दूसरा सक्रिय सदस्य आरिस अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
