द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पिछले तीन वर्षों में व्यापक, सघन और सतत अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2023, 2024 और 2025 (20 नवंबर तक) के दौरान पुलिस ने कुल 6865.793 किलोग्राम गांजा, चरस, स्मैक/हेरोइन, नशीली गोलियां, एमडीएमए, अल्प्राजोलम पाउडर, नशीला पाउडर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद की हैं। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत 1 अरब 46 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है।

2023: 585 मुकदमे, 660 गिरफ्तारिया
वर्ष 2023 में पुलिस ने नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए 585 अभियोग दर्ज किए। इनमें नामजद 667 तथा प्रकाश में आए 7, कुल 674 अभियुक्तों में से 660 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 2777.457 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए, जिनकी बाजार कीमत 93 करोड़ 50 लाख रुपये है।
साथ ही 2 व्यक्तियों पर रासुका, अवैध संपत्ति जब्तीकरण और कई वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई।

2024: 502 मुकदमे, 571 गिरफ्तार, 2791 किलो बरामद
वर्ष 2024 में कुल 502 मामले दर्ज हुए। इनमें से 571 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जबकि 7 अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की, वारंट आदि कठोर कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई।
इस वर्ष 80 हिस्ट्रीशीट खोली गईं और रासुका, पीआईटी-एनडीपीएस, गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 2791.075 किलोग्राम नशीले पदार्थ बरामद किए, जिनकी कीमत 40 करोड़ 70 लाख रुपये रही।

2025: 20 नवंबर तक 458 मुकदमे, 517 गिरफ्तार
वर्ष 2025 के 20 नवंबर तक पुलिस ने 458 मामले दर्ज कर 517 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान 1297.261 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत 12 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई।
अभियुक्तों पर रासुका, गैंगस्टर एक्ट समेत कई धाराओं में कार्रवाई की गई और तस्करी में प्रयुक्त कई वाहन जब्त किए गए।

जीरो टॉलरेंस नीति से तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है।
नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल गिरोहों पर निरंतर प्रहार करते हुए भारी मात्रा में बरामदगी की गई, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई और न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किए गए।