द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर अतिक्रमण और अवैध कब्जा करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में केस दर्ज हुआ है। प्राधिकरण के अवर अभियंता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में अवर अभियंता आशीष शर्मा ने बताया कि थानाक्षेत्र के सदरपुर गांव के खसरा संख्या-14 पर प्राधिकरण की अर्जित व कब्जा प्राप्ति भूमि है। इस पर देवेंद्र शर्मा और मुकेश द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। दोनों छलेरा गांव के रहने वाले हैं।

रात में किया अवैध निर्माण
रात में आरोपियों द्वारा अधिसूचित जमीन पर अवैध निर्माण करने से शहर का सुनियोजित विकास बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। प्राधिकरण की टीम के मना करने के बावजूद आरोपी नहीं मान रहे हैं। आरोपियों ने टीम के कर्मचारियों के साथ बदसलूकी भी की है। पुलिस नामजद आरोपियों की जांच कर रही है। नामजद आरोपियों के अलावा उनके अन्य साथियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।