द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जारचा में दहेज के लिए महिला की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बेटी के ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दहेज में खर्च किए थे 15 लाख
तनबीर सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बेटी नेहा की शादी 8 मार्च 2024 को निशांत निवासी ग्राम कालौंदा के साथ हुई थी। पीड़ित के अनुसार उन्होंने दान दहेज में 15 लाख रुपए खर्च किए थे। इसके बावजूद भी उसकी बेटी के ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। ये लोग उसके साथ आए दिन दहेज के लिए मारपीट करते थे। पीड़ित के अनुसार 30 जनवरी वर्ष 2025 को उसकी बेटी ने ऑपरेशन से लड़के को जन्म दिया। बेटे के जन्म के बाद से नेहा के ससुराल पक्ष के लोग उसका उत्पीड़न करने लगे।
23 फरवरी को दी सूचना
उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को किसी व्यक्ति ने उसे सूचना दी कि उसकी बेटी नेहा के ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी उसकी बेटी के शव का बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्होंने उनके साथ मारपीट कर गाली-गलौज की। पीड़ित के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। इस मामले में पीड़ित ने अपनी बेटी के पति निशांत, ससुर सत्येंद्र, सास पिंकी, ननद तनु और ज्योति के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
