द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 36 में रहने वाली एक महिला के घर में घुसकर उसके पुराने नौकर ने उस पर नुकिले हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी ने वर्ष 2017 तक महिला के घर पर काम किया था। उसने महिला से वेतन बढ़ाने के लिए कहा था तो महिला ने इन्कार कर दिया था। इस बात से वह रंजिश रखता था।

पुलिस ने की गिरफ्तारी
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 36 में रहने वाली बिन्नू कक्कड़ ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी सास किरण कक्कड़ मंगलवार को घर पर अकेली थी, तभी उसके घर में एक अज्ञात व्यक्ति नुकीला हथियार लेकर आया तथा उसकी सास के ऊपर हमला कर दिया। उसकी सास ने शोर मचाया तो वह वहां से भाग निकला। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने आज उक्त घटना को अंजाम देने वाले महेंद्र निवासी जनपद अमेठी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महिला के घर पर वर्ष 2017 तक नौकर के रूप में काम करता था। उसने महिला से वेतन बढ़ाने के लिए कहा तो उसने वेतन नहीं बढ़ाया। इस बात को लेकर उसका विवाद हुआ। महिला के बेटे ने उसको देख लेने की धमकी दी थी। इस बात से वह गुस्सा था, तथा महिला के बेटे से बदला लेने के लिए वह धारदार हथियार लेकर मंगलवार को उसके घर पर पहुंचा।

घर पर अकेली थी महिला
घटना के समय महिला का बेटा घर पर नहीं था। महिला अकेली थी, जब महिला ने उसे डांटा तो उसने महिला के ऊपर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।