-शिकायत के बाद भी नहीं होती है कार्रवाई
-बीमारी फैलने का सता रहा डर
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के विभिन्न सेक्टर के लोग इन दिनों नाली व सीवर ओवर फ्लो की समस्या से परेशान हैं। गंदा पानी लोगों के घरों के आगे से लेकर सड़क तक फैला रहता है। लोग इस पानी से होकर जाने को विवश होते हैं। गंदे पानी की बदबू से आस-पास के लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि सेक्टरों की हर दूसरी गली में ओवर फ्लो की समस्या है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या हल नहीं होती है।
बीमारी फैलने का खतरा
सेक्टर अल्फा वन, अल्फा टू, बीटा, डेल्टा सहित अन्य सेक्टरों में आए दिन ओवर फ्लो की समस्या बनी रहती है। कहीं पर सीवर ओवर फ्लो होते हैं तो कहीं पर नाली। लोगों का कहना है कई बार शिकायत करने के बाद कर्मचारी आकर सीवर को साफ करते हैं लेकिन कुछ दिन बाद दोबारा ओवर फ्लो होने लगता है। नालियों की सफाई सही से न होने के कारण उसका पानी भी ओवर फ्लो होता है। घर के आस-पास गंदा पानी फैला रहने से बीमारी फैलने का खतरा रहता है।
