अभी तक सीरिया के खिलाड़ी के नाम दर्ज था पुशअप का वर्ल्ड रिकॉर्ड
-देश के करोड़ों लोगों की दुआओं से रोहताश ने पाया मुकाम
द न्यूज़ गली, दिल्ली: पुश-अप मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध रोहताश चौधरी ने सीरिया के खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ कर इतिहास रच दिया है। फिट इंडिया एम्बेसडर रोहताश चौधरी ने नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपनी पीठ पर 60 पाउंड (लगभग 27.400 किलोग्राम) का भार रखकर एक घंटे में 847 पुश-अप्स करके सबसे अधिक पुश-अप्स कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड सफलतापूर्वक स्थापित किया। उन्होंने खिताब को देश की सेनाओ और ऑपरेशन सिन्दूर को समर्पित किया। रोहताश ने सीरिया के 820 पुश-अप्स के रिकॉर्ड को तोड़ दिया और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के नाम कर दिया। आधिकारिक गिनीज सत्यापन टीम ने मौके पर ही रिकॉर्ड की पुष्टि की। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री, मनसुख मांडविया ने इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और रोहताश को उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोहताश चौधरी फिट इंडिया भावना के प्रतीक हैं। रोहताश हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को एक फिट, मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के सपने को भी आगे बढ़ा रहे हैं।

सैनिकों को समर्पित
अपनी उपलब्धि को रोहताश ने ऑपरेशन सिंदूर और देश के सैनिकों के नाम समर्पित कर दिया। रोहताश ने कहा नवंबर 2024 मैने 704 एक पैर वाले पुश-अप्स का रिकॉर्ड बनाया था। उसे अपने प्रधानमंत्री को समर्पित किया था। आज मैं इस नए रिकॉर्ड को हमारी सशस्त्र सेनाओं और ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित करता हूं, जो हमारे राष्ट्र की ताकत, अनुशासन और एकता का प्रतीक है। उन्होंने मंत्री मनसुख मांडविया, मंत्री रक्षा खड़से, फिट इंडिया मूवमेंट और SAI को उनके निरंतर प्रोत्साहन और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट ने प्रदूषण मुक्त और स्वस्थ भारत के लिए साइकिल पर रविवार, के माध्यम से एक सामाजिक आंदोलन को प्रज्वलित किया है, और युवाओं से फिटनेस को एक राष्ट्रीय कर्तव्य के रूप में अपनाने का आग्रह किया।
