द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा के सेक्टर-78 स्थित सनशाइन हेलिओस अपार्टमेंट्स की निवासी और समर्पित पर्यावरण प्रेमी सुखमनी ढिल्लन ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मिसाल कायम करते हुए आज पौधारोपण किया। वर्ष 2021 से निरंतर चल रहे उनके हरित प्रयासों के तहत अब तक वह 1,500 से 2,000 से अधिक पेड़-पौधों का रोपण कर चुकी हैं।
विशेष अभियान चलाया
ढिल्लन एक सामाजिक कार्यकर्ता और जलवायु जागरूकता की पैरोकार हैं, जिन्होंने शहरी हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोएडा के सेक्टर 77, 78, 79 और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। बागवानी विभाग और स्थानीय निकायों के सहयोग से उन्होंने बंजर एवं उपेक्षित स्थलों को हरे-भरे स्थलों में बदला है।
उनकी निष्ठा केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है। वह लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल, सिंचाई, खाद प्रबंधन और छंटाई भी स्वयं करती हैं, जिससे पौधों की जीवित रहने की दर उल्लेखनीय रूप से अधिक रहती है। उनका ध्यान परंपरागत भारतीय वृक्षों जैसे गुलमोहर, नीम, पीपल और पिलखन पर है, जो न केवल छाया प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं।
क्या कहती हैं ढिल्लन
ढिल्लन का कहना है, “हर पेड़ सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि एक जीवित स्मृति, साहस को समर्पित श्रद्धांजलि, और भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।”
उनके इस व्यक्तिगत अभियान ने अब सामुदायिक आंदोलन का रूप ले लिया है, जिसमें युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की भागीदारी बढ़ती जा रही है। यह एक ऐसा आंदोलन बन चुका है जिसने न केवल क्षेत्रों को सौंदर्य प्रदान किया है, बल्कि वायु गुणवत्ता में सुधार, तापमान नियंत्रण और स्थानीय जैव विविधता को भी संबल दिया है।
पेंशन से चलाना पड़ता है का
हालांकि कई बार उन्हें यह कार्य अपने स्वर्गीय पति (भारतीय नौसेना में कमांडर) की पेंशन से चलाना पड़ता है, फिर भी उन्होंने कभी रुकने का विचार नहीं किया। बागवानी विभाग ने उनकी सहायता हेतु ट्री गार्ड्स और तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया है।
