द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दहेज की मांग पर महिला का उत्पीड़न का मामला सामने आया है। महिला ने अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए लंबे समय से उत्पीड़न करने, मारपीट करने और गर्भ में कन्या भ्रूण होने पर जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। यही नहीं, महिला ने अपने देवर पर बलात्कार का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।

2019 में हुई थी शादी
दादरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की शादी वर्ष 2019 में कस्बा दादरी निवासी आकाश उर्फ पप्पू पुत्र लखपत के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। महिला के मुताबिक, शादी में उसके परिजनों ने अपनी सामर्थ्यानुसार लगभग 10 से 12 लाख रुपये खर्च किए थे और आभूषण सहित अन्य सामान भी दहेज स्वरूप दिया था।

देवर ने किया गलत काम का प्रयास
पीड़िता का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही उसके पति आकाश सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि उसके देवर ने एक बार उसके साथ बलात्कार करने का प्रयास किया। महिला का गर्भपात भी कराया गया।