-यात्रा में हजारों लोगों ने की शिरकत
-मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा और सांसद डॉ. महेश शर्मा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एकता पदयात्रा का आयोजन जेवर क्षेत्र में किया गया। खेड़ा मोड़ से फलैदा तक निकाली गई यात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लिए चल रहे थे। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने आह्वान किया कि एकता, विकास और राष्ट्रहित की राह पर जेवर गर्व से आगे बढ़ रहा है। फलैदा में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्य अतिथि और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा और सांसद डॉ. महेश शर्मा ने पदयात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला। धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित यह एकता पदयात्रा, जेवर की सामाजिक एकता और राष्ट्र भावना का जीवंत प्रमाण है। खेड़ा मोड़ से लेकर फलैदा तक हजारों लोगों का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि जेवर के साथ उत्तर प्रदेश और देश आज विकास, सद्भाव और जनसहभागिता के नए युग में प्रवेश कर चुका है।” कहा कि पदयात्रा सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि एकता की वह मशाल है, जिसे जेवर ने आज और अधिक प्रज्ज्वलित किया है।

सामाजिक सद्भाव का उदाहरण
सुरेश राणा ने कहा कि आज जेवर ने एकता पदयात्रा के माध्यम से, जो संदेश दिया है, वह संदेश केवल एक क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश व राष्ट्र के लिए प्रेरणा है, क्योंकि एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। जनसभा में डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकाली गई यह एकता पदयात्रा, जेवर क्षेत्र के भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का जीवंत उदाहरण है। आज जिस तरह से युवाओं, किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों ने एकजुट होकर इस यात्रा में भाग लिया, वह यह सिद्ध करता है कि जेवर विकास, एकता और राष्ट्रहित के पथ पर तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जेवर विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल केवल यात्रा नहीं होती है, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने की ऐतिहासिक अवधारणा को पुनर्जीवित करती हैं।

