द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जारचा में एक महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी ना होने पर इन्होंने उसके साथ मारपीट की। उसके अनुसार उसके चचिया ससुर और देवर ने उसके साथ जबरन बलात्कार करने का प्रयास किया। कपड़े फाड़ दिया। महिला का आरोप है कि उसकी ननद और अन्य लोगों ने उसे सल्फास की गोली खिलाकर हत्या करने का प्रयास किया।
1 साल पहले हुई थी शादी
थाना जारचा के प्रभारी ने बताया कि बीती रात को एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी 12 मार्च वर्ष 2024 को दीपक चौहान निवासी जनपद मेरठ से विवाह हुआ था। महिला के अनुसार उसके मायके वालों ने अपने सामर्थ्य के हिसाब से शादी में लाखों रुपया खर्च किया। महिला का आरोप है की शादी के समय से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसके साथ मारपीट करते हैं। महिला का यह भी आरोप है कि 6 जनवरी वर्ष 2025 को उसके चचिया ससुर ने उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया। महिला का यह भी आरोप है कि उसका देवर भी उसके साथ कई बार बलात्कार का प्रयास कर चुका है। इन लोगों ने बुरी नीयत से उसके कपड़े फाड़ कर निर्वस्त्र कर दिया। महिला के अनुसार उसकी ननद और ससुराल के अन्य लोगों ने जान से मारने की नीयत से उसे सल्फास की गोली खिलाने का प्रयास किया।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
उन्होंने बताया कि इस मामले में महिला की शिकायत पर उसके पति दीपक चौहान, चचिया ससुर सोमवीर, देवर अभिषेक, सास पूनम, ननद सलोनी, मोनी तथा ससुर सतीश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
